उत्कृष्ट शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड पर डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबले

सिलवानी । नगर के उत्कृष्ट शासकीय महाविद्यालय ग्राउंड पर आयोजित रात्रिकालीन लेदर बॉल डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन मंगलवार को दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला असलम इलेवन और लक्ष्य इलेवन के बीच खेला गया। निर्धारित 18 ओवरों में पहले बल्लेबाजी करते हुए असलम इलेवन ने 176 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्य इलेवन की टीम 103 रन पर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार असलम इलेवन ने 73 रन से शानदार जीत दर्ज की। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वेदांत मिश्रा को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।
दूसरा मुकाबला ज्ञान सागर इलेवन और मिंटू इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर ज्ञान सागर इलेवन ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। ज्ञान सागर इलेवन के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मिंटू इलेवन को मात्र 100 रन पर ऑलआउट कर दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ज्ञान सागर इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12 ओवर में 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आर. एस. ठाकुर ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” का पुरस्कार प्रदान किया गया।
मैच के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा आर. एस. ठाकुर के शानदार खेल की जमकर सराहना की।



