मध्य प्रदेश

हॉकर्स जोन बनने के बाद भी सड़क पर बैठ रहे सब्जी विक्रेता, जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी

सिलवानी। नगर में सब्जी व्यापारियों को व्यवस्थित रूप से व्यवसाय करने के लिए नगर परिषद द्वारा लाखों रुपए की लागत से निर्मित हॉकर्स जोन अपनी उपयोगिता साबित नहीं कर पा रहा है। सब्जी विक्रेताओं को सड़क किनारे अस्थायी बाजारों से हटाकर एक सुरक्षित और सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह हॉकर्स जोन आज भी खाली पड़ा हुआ है, जबकि नगर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर सब्जी विक्रेता रोजाना दुकानें सजाए बैठे दिखाई देते हैं।
नगर परिषद ने नगर की बहुमूल्य भूमि पर हॉकर्स जोन का निर्माण इस सोच के साथ कराया था कि सब्जी विक्रेताओं को छत के नीचे स्थायी स्थान मिलेगा, जहां वे बिना किसी अव्यवस्था और परेशानी के अपना कारोबार कर सकेंगे। इसके माध्यम से नगर की यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने की योजना थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह व्यवस्था धरातल पर सफल होती नजर नहीं आ रही है।
सड़क किनारे सब्जी दुकान बढ़ रही अव्यवस्था
नगर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौराहों पर सड़क किनारे लगने वाली सब्जी दुकानों के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। सुबह और शाम के समय स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है, जब बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं और सड़क पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इससे आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती है तथा राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क किनारे लगने वाले इन अस्थायी बाजारों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। कई बार सड़क पर दोनों ओर सब्जी हाथ ठेले के लग जाने से बड़े वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है।
लाखों खर्च, फिर भी खाली पड़ी दुकानें
नगर परिषद द्वारा तैयार किए गए हॉकर्स जोन में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं, ताकि सब्जी विक्रेता वहां आसानी से अपना व्यापार कर सकें। इसके बावजूद दुकानें खाली पड़ी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन सख्ती से सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को हटाकर विक्रेताओं को हॉकर्स जोन में स्थानांतरित करे, तो नगर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है।
कार्रवाई नहीं होने से उठ रहे सवाल
हॉकर्स जोन बनने के बाद भी सड़कों पर लग रहे बाजार को लेकर अब नगर परिषद और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि जब लाखों रुपए खर्च कर स्थायी व्यवस्था तैयार की गई है, तो उसका उपयोग सुनिश्चित करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
नगरवासियों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाकर सब्जी विक्रेताओं को हॉकर्स जोन में व्यवस्थित करे, ताकि नगर को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके।
इस संबंध में ऋषिकांत यादव नगर परिषद सीएमओ का कहना है कि जो भी सब्जी की दुकानें सड़क किनारे लगाई जा रही हो उनको अतिशीघ्र हटाया जाएगा एवं नगर परिषद में बैठक बुलाकर हॉकर्स जॉन कि दुकानों नीलम की जाएंगी।

Related Articles

Back to top button