पर्यावरणमध्य प्रदेश

पर्यावरण के सजग प्रहरी- बस एक कदम और…

हरीश मिश्र
रायसेन । परिवर्तन की हर बड़ी कहानी एक छोटे से संकल्प से शुरू होती है। रायसेन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शुरू हुआ “कदम-कदम पर कदंब” अभियान इसका सशक्त उदाहरण है। दो वर्ष पूर्व सामाजिक कार्यकर्ता हरीश मिश्र, शिवजीत राठौर और डॉ. चेतन शर्मा ने यह संकल्प लिया कि शहर में कदंब के वृक्ष लगाए जाएं। यह केवल वृक्षारोपण का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि प्रकृति के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का एक प्रयास था।
इस संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए “बस एक कदम और सोशल वेलफेयर फाउंडेशन” एवं रायसेन जिला विकास समिति का गठन हुआ। संस्था ने रायसेन दुर्ग की तलहटी में बीज बम अभियान चलाया और शहर की सड़कों के किनारे कदंब के पौधे लगाने का कार्य प्रारंभ किया। वर्ष 2024 में 100 पौधों का रोपण किया गया, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 500 तक पहुंच गई। गैरतगंज में भी 100 कदंब पौधों का रोपण कर अभियान का विस्तार किया गया।
इस पहल की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि संस्था केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रही। पौधों की नियमित देखभाल, संरक्षण और उन्हें वृक्ष बनने तक सहेजने का भी प्रयास किया गया। यही कारण है कि यह अभियान केवल आंकड़ों का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी, जनभागीदारी और सामाजिक चेतना का उदाहरण बना।
आज जब जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र गंभीर चिंता का विषय हैं, तब ऐसे प्रयास उम्मीद जगाते हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। रायसेन का यह अभियान बताता है कि बदलाव के लिए बड़े संसाधनों से अधिक जरूरी बड़ा संकल्प होता है।
वास्तव में, हर सकारात्मक परिवर्तन की शुरुआत पहले कदम से होती है और उसे सफलता तक पहुंचाने के लिए केवल “बस एक कदम और” बढ़ाने की आवश्यकता होती है। यही कारण है कि आज यह पहल कुछ व्यक्तियों का अभियान न रहकर एक परिवार का स्वरूप ले चुकी है। इस परिवार में डॉ. ए.के. शर्मा, प्रहलाद चावला, गिरधारी लाल शाक्य, नीलेंद्र मिश्र, दिनेश अग्रवाल, संघर्ष शर्मा, मनोज कुशवाहा, राजेश चौहान जावेद अहमद ,राम पाल पठारिया, हरित विश्वकर्मा, गोपाल साहू, राधेश्याम विश्वकर्मा, बारेलाल सूर्यवंशी , मुकेश यादव जैसे अनेक साथी कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। यही सामूहिकता किसी भी संकल्प को आंदोलन और किसी भी आंदोलन को सफलता में बदलती है।
इस वर्ष सड़क किनारे, कॉलोनियों और गली-गली में वृक्षारोपण के लिए बस एक कदम और सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं रायसेन जिला विकास समिति ने विशेष कार्ययोजना बनाई है। अभियान का लक्ष्य अधिक पौधे लगाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण वृक्षारोपण और उनका संरक्षण सुनिश्चित करना है। सड़क किनारे लगाए जाने वाले पौधों के लिए ट्री गार्ड की व्यवस्था की गई है, जबकि कॉलोनियों और गलियों में लगाए जाने वाले पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी स्थानीय रहवासियों की होगी। संस्था का मानना है कि पौधा लगाना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे वृक्ष बनने तक सहेजना उससे भी अधिक आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button