कृषिमध्य प्रदेश

किसानों की समस्या पर विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह का त्वरित एक्शन, खराब कृषि ट्रांसफार्मर बदलवाया

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नेगाई पंचायत के ग्राम तिलमन में कृषि ट्रांसफार्मर खराब होने से किसानों को सिंचाई कार्य में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण खेतों तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई थी, जिससे फसलों की सिंचाई बाधित होने लगी और किसानों में चिंता का माहौल बन गया था। समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलों को नुकसान की आशंका भी बढ़ गई थी।
किसानों की इस गंभीर समस्या की जानकारी मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी ने तत्काल बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने मामले को प्राथमिकता देते हुए बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और किसानों की परेशानी को देखते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक के हस्तक्षेप के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और खराब पड़े कृषि ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू की। विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था पुनः सुचारु हो सकी और उन्हें बड़ी राहत मिली।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में सिंचाई का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और बिजली आपूर्ति बाधित होने से कृषि कार्य पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। ऐसे समय में समस्या का त्वरित समाधान होने से किसानों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सका।
समस्या के शीघ्र निराकरण पर ग्राम तिलमन के किसानों ने विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनका धन्यवाद किया। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक क्षेत्र की जनसमस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेते हैं तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हैं। किसानों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान होता रहेगा।

Related Articles

Back to top button