नगर में सुने घर से लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित गहुरास रोड पर नगर परिषद कार्यालय के सामने रहने वाले पूर्व पंचायत सचिव गोरीशंकर श्रीवास्तव के सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरीशंकर श्रीवास्तव कुछ दिनों से घर से बाहर गए हुए थे। गुरुवार को जब वे वापस लौटे तो घर के ताले और सामान की स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। घर की जांच करने पर सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। चोरी गए सामान में दो टोला सोने का हार, चार जोड़ी सोने की झालर, चार जोड़ी सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी, चार सोने की नथ, दो जोड़ी सोने की चूड़ियां, चार जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की करधनी तथा पांच जोड़ी चांदी की बिछिया शामिल हैं।
पुलिस की प्रारंभिक रिपोर्ट में चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
थाना प्रभारी के मौके से लौटने के बाद पुलिस टीम आसपास के मकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालती नजर आई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



