मध्य प्रदेश

अब कृषि उपज मंडी उमरियापान में होंगी मूंग उड़द की खरीदी

कलेक्टर ने उपार्जन स्थल में किया संशोधन, किसानों को मिलेगी बेहतर सुविधा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द उपार्जन को लेकर जिला प्रशासन ने संशोधन किया है । कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा बुधवार 8 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति उमरियापान के लिए मूंग एवं उड़द खरीदी का उपार्जन स्थल बदल दिया गया है । अब किसानों से समर्थन मूल्य पर मूंग एवं उड़द की खरीदी कृषि उपज मंडी उमरियापान में की जाएगी ।
किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी उपार्जन नीति के तहत पहले 30 जून 2026 के आदेश में उमरियापान समिति का उपार्जन स्थल राधेकृष्णा वेयरहाउस, भूला निर्धारित किया गया था । संशोधित आदेश के बाद इसे बदलकर कृषि उपज मंडी उमरियापान कर दिया गया है ।
वहीं, खरीदी गई उपज के भंडारण के लिए तिवारी ब्रदर्स वेयरहाउस, स्लीमनाबाद को अधिकृत किया गया है ।
इसी आदेश के तहत विजयराघवगढ़ तहसील की जिवारा प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के उपार्जन एवं भंडारण स्थल में भी संशोधन किया गया है ।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द का उपार्जन शासन द्वारा निर्धारित उपार्जन नीति के अनुरूप ही कराया जाए । इस आदेश की प्रतिलिपि संबंधित विभागों, अधिकारियों एवं उपार्जन केंद्र प्रभारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज दी गई है।
ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र के किसानों के लिए यह संशोधन राहतभरा माना जा रहा है, क्योंकि अब खरीदी कृषि उपज मंडी परिसर में होने से उपज बेचने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित होगी।

Related Articles

Back to top button