मध्य प्रदेश

विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, लापरवाही या हादसा?

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप, निष्पक्ष जांच व मुआवजे की मांग
सिलवानी। तहसील क्षेत्र के ग्राम दैनी में विद्युत कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अखिलेश कुशवाहा पिता मनमोद कुशवाहा उम्र 25 साल, निवासी ग्राम बेगंवा खुर्द (बेगवा कला पंचायत) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिलेश कुशवाहा कीरतपुर पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले ग्राम दैनी में विद्युत संबंधी कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जाता है कि अखिलेश तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद परिजनों एवं ग्रामीणों ने मध्य प्रदेश विद्युत मंडल (एमपीईबी) के अधिकारियों और कर्मचारियों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में विद्युत कार्य के दौरान दुर्घटनाओं की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले ग्राम प्रतापगढ़ के एक युवक के दोनों हाथ करंट लगने से काटने पड़े थे, जबकि विद्युत कार्य के दौरान दो से तीन अन्य लोगों की भी मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद जिम्मेदारी तय नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में प्रीतम सिंह राजपूत, थाना प्रभारी बम्होरी ने बताया कि, अखिलेश कुशवाहा निवासी बेगंवा खुर्द ग्राम दैनी में विद्युत कार्य कर रहा था। इसी दौरान करंट लगने से उसकी मृत्यु हो गई। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button