मध्य प्रदेश

उमरियापान मे ही आईटीआई बनाए रखने की मांग, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

संकल्प युवा संगठन ने कहा संस्थान के स्थानांतरण से क्षेत्र के युवाओं का भविष्य होगा प्रभावित
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के बीच क्षेत्र में इसका विरोध शुरू हो गया है । संकल्प युवा संगठन उमरियापान ने आईटीआई को यथावत उमरियापान में बनाए रखने की मांग करते हुए कलेक्टर कटनी के नाम तहसीलदार उमरियापान के माध्यम से ज्ञापन सौंपा । संगठन ने प्रशासन से आग्रह किया है कि संस्थान का नवीन भवन उमरियापान में ही निर्मित कराया जाए, ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के लिए भटकना न पड़े ।
ज्ञापन में संगठन ने बताया कि उमरियापान का आईटीआई कई वर्षों से संचालित हो रहा है और इस संस्थान के माध्यम से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं । लेकिन नवीन भवन के अभाव में संस्थान का विस्तार नहीं हो सका है और नई ट्रेड (ब्रांच) शुरू नहीं की जा सकी हैं ।
संगठन का कहना है कि हाल के दिनों में ऐसी जानकारी सामने आई है कि आईटीआई को किसी अन्य क्षेत्र में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है । यदि ऐसा किया जाता है तो उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी । आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अनेक छात्र-छात्राएं दूरी और अतिरिक्त खर्च के कारण आईटीआई में प्रवेश लेने से भी वंचित हो सकते हैं ।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उमरियापान क्षेत्र लंबे समय से शैक्षणिक एवं विकास संबंधी सुविधाओं के विस्तार की अपेक्षा कर रहा है । ऐसे में पहले से संचालित आईटीआई का स्थानांतरण क्षेत्र के विकास के लिए उचित नहीं होगा । संगठन का मानना है कि यदि संस्थान को यहीं आधुनिक भवन और नई ट्रेडों के साथ विकसित किया जाए तो स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिलेगा और क्षेत्र में स्वरोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा ।
संकल्प युवा संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि आईटीआई का नया भवन उमरियापान में ही स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण कराया जाए । साथ ही यदि किसी अन्य क्षेत्र में आईटीआई की आवश्यकता महसूस की जाती है तो वहां अलग से नया संस्थान स्थापित किया जाए, ताकि दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा का समान अवसर मिल सके और किसी भी क्षेत्र के छात्रों के हित प्रभावित न हों ।
ज्ञापन की प्रतिलिपि बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष उमरियापान आशीष चौरसिया को भी प्रेषित की गई है । संगठन ने उम्मीद जताई है कि जनप्रतिनिधि और प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर उमरियापान के युवाओं के हितों की रक्षा करेंगे।

Related Articles

Back to top button