बनारस से वड़नगर जा रही बाइक यात्रा का सिलवानी में होगा जोरदार स्वागत

सिलवानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बनारस से वड़नगर के लिए निकली मोटरसाइकिल यात्रा का सिलवानी नगर में रविवार, 27 सितंबर को जोरदार स्वागत किया जाएगा। जनसेवा और सामाजिक सरोकारों का संदेश लेकर निकली इस यात्रा में करीब 60 युवा बाइक सवार शामिल हैं।
मोटरसाइकिल यात्रा रविवार को दोपहर 12 बजे सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा के सिलवानी पहुंचने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। यात्रा के स्वागत एवं व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को नगर विश्राम गृह में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने यात्रा के कार्यक्रम एवं स्वागत की तैयारियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बाइक यात्रा का सिलवानी नगर में स्वागत किया जाएगा तथा यात्रा में शामिल सदस्य रात्रि विश्राम भी सिलवानी में करेंगे।
यात्रा के दौरान बाइक सवार युवाओं द्वारा क्षेत्र में जनसंवाद किया जाएगा। इसके साथ ही सामाजिक सरोकार के तहत पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। यात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, पाषर्द प्रदीप कुशवाहा, भाजपा मीडिया प्रभारी राधेश्याम साहू, नीरज नेमा पप्पू, विक्रम सोनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



