कृषिमध्य प्रदेश

उपसंचालक कृषि ने किया डीएसआर प्लॉट्स का निरीक्षण

किसानों ने बताए धान की सीधी बुवाई के फायदे, मजदूरी और पानी की बचत
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा ब्लॉक के उमरियापान में जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत लगाए गए डीएसआर (धान की सीधी बुवाई) प्लॉट्स का कृषि विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया । उपसंचालक कृषि प्रतिभा गौर, तकनीकी सहायक संजय कुमार एवं विभागीय टीम ने किसान योगेश चौरसिया और पारस पटेल के खेतों का भ्रमण कर फसल की स्थिति का जायजा लिया ।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने उपसंचालक कृषि को डीएसआर तकनीक से धान की खेती के अपने प्रत्यक्ष अनुभव बताए । किसानों ने बताया कि इस विधि से धान की बुवाई करने पर मजदूरी में काफी बचत होती है । इसमें नर्सरी तैयार करने के साथ ही खेत में कद्दू (मचाई) करने की आवश्यकता नहीं पड़ती ।
किसानों के अनुसार मशीन के माध्यम से सीधे धान की बुवाई होने से खेती की शुरुआती लागत कम होती है । साथ ही पारंपरिक पद्धति की तुलना में पानी की भी काफी बचत होती है । किसानों ने बताया कि बदलते मौसम और जलवायु परिवर्तन के दौर में धान की खेती के लिए डीएसआर विधि कम लागत, कम पानी और कम श्रम में बेहतर उत्पादन की दिशा में उपयोगी तकनीक साबित हो रही है ।
कृषि विभाग की टीम ने किसानों से फसल की स्थिति एवं तकनीक से जुड़े अनुभवों की जानकारी ली तथा डीएसआर पद्धति को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

Related Articles

Back to top button