मध्य प्रदेशराजनीति

जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और शराबबंदी के मुद्दे उठाए; NSUI ने भी छात्र समस्याओं को लेकर सौंपा मांगपत्र
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ढीमरखेड़ा एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया । प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई ।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने 8 अक्टूबर को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की । ज्ञापन में दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित INDIA ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज का उल्लेख करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया गया ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घुघरा-कछारगांव मार्ग एवं ग्राम पंचायत बड़ी पौड़ी के मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए सड़क निर्माण एवं मरम्मत की मांग की । वहीं बिना मीटर रीडिंग के अधिक विद्युत बिल मिलने की शिकायतों की जांच कर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग भी की गई ।
ज्ञापन में संगमा- लालपुर- दतला नदी पर पुल निर्माण, दूषित पेयजल की समस्या का निराकरण, नाली में डाली गई पेयजल पाइपलाइन को दुरुस्त कराने तथा खमरिया (खमतरा) में वर्ष 2016 में घोषित शासकीय हाईस्कूल का निर्माण शुरू कराने की मांग शामिल रही । इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब पैकरियों पर रोक लगाने तथा किसानों के लिए धान खरीदी पंजीयन शीघ्र शुरू कराने की मांग भी रखी गई ।
इसी दौरान NSUI जिला महासचिव सागर शुक्ला के नेतृत्व में छात्रों ने शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की समस्याओं को लेकर अलग ज्ञापन सौंपा । छात्रों ने महाविद्यालय में एमए एवं एमएससी की स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, एनसीसी विंग की स्थापना, छात्र-छात्राओं को निजी बसों के किराए में रियायत देने तथा ढीमरखेड़ा में ही शासकीय आईटीआई भवन का निर्माण कराने की मांग की ।
ज्ञापनकर्ताओं ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी एवं NSUI चरणबद्ध आंदोलन करेंगे । इस दौरान प्रशासन से क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए गंभीरता से कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई ।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद मिश्रा, रंजीत सिंह, मुकेश परोहा, मनोज चौरसिया,अजय खटीक, सागर शुक्ला, ओमकार शर्मा, सुखचैन पटेल, सत्तू सोनी, शिवा नामदेव, अजीत नामदेव, काशीराम बर्मन, रविंद्र परते सहित कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

Related Articles

Back to top button