शारदीय नवरात्रि को लेकर उमरियापान थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित

बिजली की ट्रिपिंग, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण पर हुई चर्चा, झंडा चौक पर शाम 5 बजे से पुलिस ड्यूटी लगाने का सुझाव
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। शारदीय नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उमरियापान थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई । बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने की । इसमें विद्युत वितरण केंद्र प्रभारी सौरव दुबे सहित नगर के गणमान्य नागरिक, दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्य एवं पत्रकार बंधु उपस्थित रहे । बैठक में उपस्थित लोगों ने नवरात्रि के दौरान सुरक्षा, बिजली व्यवस्था और यातायात नियंत्रण को लेकर अपने- अपने सुझाव दिए ।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग का उठा। उपस्थित लोगों ने कहा कि नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, वहीं शाम के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं । ऐसे में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि धार्मिक आयोजनों में किसी प्रकार की परेशानी न हो ।
बैठक में बताया गया कि प्रतिदिन शाम 5 बजे से बड़ी संख्या में महिलाएं बड़ी माई मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचती हैं । श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए झंडा चौक पर शाम 5 बजे से पुलिस की ड्यूटी लगाने का सुझाव दिया गया ।
नवमी के दिन निकलने वाले जवारे और उनके दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उमरियापान पहुंचते हैं, जिसको की देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। सुझाव दिया गया कि शाम 6 बजे से बड़े वाहनों को नगर के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर रोका जाए, ताकि नगर के भीतर जाम की स्थिति निर्मित न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भी बड़े वाहनों को नगर के बाहर ही रोकने का सुझाव दिया गया, जिससे विसर्जन जुलूस सुचारु रूप से निकल सके ।
बैठक में सरपंच अटल व्यौहार, मास्टर शिवकुमार चौरसिया, राजेश व्यौहार, सुखदेव चौरसिया, स्वतंत्र चौरसिया, अज्जू चौरसिया, शैलेन्द्र पौराणिक, गोरेलाल चौरसिया, मोहन चौरसिया, प्रशांत मिश्रा,राकेश यादव, राजेन्द्र चौरसिया, के.के. चौरसिया, नीलू साहू, पत्रकार सतीश चौरसिया सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा ।



