दुर्गा उत्सव पंडाल के पास अनियंत्रित ट्रक मकान-दुकान में घुसा, तीन घायल

ग्राम तिहारी में देर रात तक चला ट्रक हटाने का काम, रात करीब एक बजे बहाल हुआ आवागमन
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना अंतर्गत ग्राम तिहारी में दुर्गा उत्सव पंडाल के पास देर रात एक बड़ा हादसा हो गया । एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान और दुकान में जा घुसा । हादसे के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए । गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई । फिलहाल तीनों घायलों की हालत ठीक बताई जा रही है।
*तीन लोग हुए घायल*
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक MP17 HH 3102 अनियंत्रित होकर गेंदलाल हल्दकार के मकान एवं दुकान में जा घुसा । हादसे में जमुना पति गुरुदयाल, उम्र लगभग 34 वर्ष, रजनी रजक, उम्र लगभग 30 वर्ष और अनन्या काछी, पिता नरेंद्र, उम्र 8 वर्ष घायल हो गईं । घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए पहुंचाया गया । राहत की बात यह है कि तीनों घायलों की स्थिति फिलहाल ठीक है।
*रात एक बजे तक चला ट्रक हटाने का काम*
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी स्लीमनाबाद विजय विश्वकर्मा अपने बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए । दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के मकान-दुकान में घुसने के कारण आवागमन प्रभावित हो गया था। पुलिस एवं प्रशासन की टीम देर रात तक ट्रक हटवाने में लगी रही । काफी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे ट्रक को हटाया जा सका, जिसके बाद सड़क पर आवागमन दोबारा शुरू कराया गया ।
*पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच*
पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है । हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक अनियंत्रित कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है । दुर्गा उत्सव पंडाल के नजदीक हुए इस हादसे से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था ।



