क्राइम

पटवारी अजय धाकड़ ने ट्रेन से कटकर की आत्महत्यासिर-धड़ अलग

स्टेशन की पार्किंग में कार में मिले 2 बेटों के शव, गला घोंटकर हत्या का शक
पिपरिया में दिल दहला देने वाली वारदात

रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
पिपरिया । मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में रविवार 18 अक्टूबर 2026 को एक बेहद सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है। यहां रायसेन जिले के उदयपुरा में पदस्थ एक पटवारी ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के कुछ ही घंटों बाद, रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ी उनकी कार से उनके दो मासूम बेटों के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस इसे ‘मर्डर-सुसाइड’ (हत्या के बाद आत्महत्या) का मामला मानकर जांच कर रही है।
*फिल्म दिखाने के बहाने घर से निकले थे पिता*
मृतक अधिकारी की पहचान 45 वर्षीय अजय धाकड़ के रूप में हुई है, जो रायसेन जिले के बरेली (अलीगंज) के निवासी थे और उदयपुरा में पटवारी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर अजय धाकड़ अपने बड़े बेटे समर्थ 13 वर्ष, कक्षा 9वीं और छोटे बेटे शिवम 11 वर्ष, कक्षा 6वीं को फिल्म दिखाने की बात कहकर घर से कार लेकर निकले थे।
*रेलवे ट्रैक पर मिला पटवारी का शव, पार्किंग में खड़ी कार में बच्चे*
शाम तक जब तीनों घर वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच पिपरिया रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली, जिसकी पहचान पटवारी अजय धाकड़ के रूप में हुई। उन्होंने संघमित्रा एक्सप्रेस के सामने कूदकर अपनी जान दी थी।
इसके बाद जब पुलिस और परिजनों ने स्टेशन परिसर की घेराबंदी की, तो पार्किंग में पटवारी की कार बंद हालत में खड़ी मिली। कार का दरवाजा खोलने पर पुलिस के होश उड़ गए अंदर दोनों मासूम बच्चों के शव पिछली सीट पर पड़े हुए थे।
*गला घोंटकर हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी*
पिपरिया के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  आशीष कुमार पवार ने बताया कि शुरुआती जांच में दोनों बच्चों के गले पर दबाए जाने के निशान मिले हैं। पुलिस को अंदेशा है कि पटवारी अजय धाकड़ ने पहले अपनी ही कार के अंदर दोनों बेटों की गला घोंटकर हत्या की और उसके बाद खुद रेलवे ट्रैक पर जाकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस (GRP) ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय की वैधानिक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल इस आत्मघाती कदम के पीछे के पारिवारिक या मानसिक कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button