क्राइम

गोवा, यूपी और एमपी में हाथ की सफाई दिखाने वाले शातिर चढ़े बाड़ी पुलिस के हत्थे

रिपोर्टर : विनोद कुमार बिन्नी
बाड़ी। बाड़ी पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। जिसमें एक आरोपी नाबालिग हैं ।
मामला 17 अक्टूबर 2026 का है। सुबह करीब 9 बजे बिना नंबर की एक सफेद क्रेटा कार केनो में सवार होकर आए लोगों ने एक पेट्रोल पंप से लगभग 19 हजार रुपये का डीजल केनों में भरवाया और बिना भुगतान किए फरार हो गए। पंप कर्मचारियों ने काफी खोजबीन की लेकिन कार नहीं मिली।
इसी कार ने उसी दिन दोपहर करीब 1 बजे नायरा पेट्रोल पंप पर फिर से इसी तरह तीन केनों में लगभग 12 हजार रुपये का डीजल भरवाया और फिर से बिना पैसे दिए भागने में सफल रहे।
पंप संचालकों की शिकायत पर बाड़ी थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लिया। आवेदन देखकर वे खुद चौंक गए और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। साथ ही साइबर सेल की मदद ली गई।
इसी बीच पुलिस को एक अहम कड़ी मिली – इसी गिरोह ने 14 अक्टूबर 2026 को नानपोन पेट्रोल पंप पर भी दोपहर में 4800 रुपये का डीजल केनों में भरवाकर भागने की कोशिश की थी। उस दिन पंप पर भीड़ ज्यादा न होने से वे भाग नहीं सके, तो उन्होंने किसी राहगीर से 485 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर पंप संचालक को दिखा दिया।
बस यही 485 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन इन शातिर चोरों के लिए फंदा बन गया। इसी लेनदेन के आधार पर पुलिस ने साइबर ट्रेल से आरोपियों को ट्रेस कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी गोवा, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में इसी तरह पेट्रोल पंपों पर ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
चार दिन के भीतर की गई इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता रायसेन ने एसडीओपी बाड़ी नीलम चौधरी, थाना प्रभारी जे.पी. त्रिपाठी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी है।

Related Articles

Back to top button