मां वीरासन देवी मंदिर के जवारे और महाकाली विसर्जन में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

कांटों के झूले में झूले पंडा, सैकड़ों श्रद्धालुओं पर आया माता का भाव
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। सिलौंडी क्षेत्र के प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर में जवारे और मां महाकाली के विसर्जन कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी । माता के दर्शन और धार्मिक अनुष्ठानों को देखने के लिए सिलौड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भक्त पहुंचे । पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने माता के जयकारे लगाकर अपनी आस्था प्रकट की ।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई । इस दौरान पंडा कांटों के झूले में झूले, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए । कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों लोगों पर माता का भाव आने की बात भी सामने आई । श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मां वीरासन देवी मंदिर के जवारे और मां महाकाली के विसर्जन कार्यक्रम में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह भी अपने साथियों के साथ पहुंचे । उन्होंने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया । इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला ।



