मध्य प्रदेश

सिलौंडी क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात, कन्या और बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुरू होगा वाणिज्य संकाय

विद्यार्थियों को मिलेंगे शिक्षा के नए अवसर
रिपोर्टर: सतीश चौरसिया
उमरियापान। क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के अथक प्रयासों से सिलौंडी क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी सौगात मिली है । शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या सिलौंडी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक सिलौंडी में वाणिज्य संकाय यानी कॉमर्स विषय संचालित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है । इससे क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में वाणिज्य विषय की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा ।
सिलौंडी मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में वाणिज्य संकाय शुरू कराने के लिए उनके द्वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग रखी गई थी । विधायक के अथक प्रयासों से इस मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है । दोनों विद्यालयों में कॉमर्स संकाय शुरू होने से विद्यार्थियों को व्यापार, व्यवसाय, लेखांकन एवं आर्थिक गतिविधियों से संबंधित विषयों का ज्ञान प्राप्त होगा । इससे भविष्य में उच्च शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खुलेंगे ।
उन्होंने कहा कि वाणिज्य संकाय की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी । विशेष रूप से उन छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा, जो दसवीं के बाद वाणिज्य विषय लेकर आगे की पढ़ाई करना चाहते हैं । यह पहल क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी ।
मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी ने सिलौंडी मंडल की ओर से क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया । उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए विधायक द्वारा किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं । वाणिज्य संकाय की स्वीकृति से सिलौंडी क्षेत्र में शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे और विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए बेहतर विकल्प मिल सकेंगे ।

Related Articles

Back to top button