सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण में लापरवाही के विरोध में चक्काजाम
सिलवानी । रायसेन जिले के सिलवानी में सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण में हो रही कथित लापरवाही को लेकर छात्र शक्ति सड़कों पर उतर आई है। नगर के बजरंग चौराहे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, इकाई सिलवानी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी धरने पर बैठकर विद्यालय भवन निर्माण में हो रही देरी और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किए जाने के विरोध में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
सिलवानी नगर के बजरंग चौराहे पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, इकाई सिलवानी द्वारा सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण में हो रही लापरवाही के विरोध में धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विद्यालय भवन निर्माण में बरती जा रही लापरवाही का सीधा असर विद्यार्थियों की शिक्षा और उनके भविष्य पर पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर छात्र संगठन ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और चक्काजाम कर जिम्मेदारों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता धरने पर बैठकर विद्यालय भवन निर्माण कार्य में तेजी लाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
ज्ञातव्य हो कि पूर्व में अभाविप ने विरोध प्रदर्शन किया था प्रशासनिक अधिकारियों ने लिखित में देकर बताया कि शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। निर्माण एजेंसी एवं प्रशासन की उदासीनता के कारण समयावधि निकलने पर छात्रों को सड़कों पर उतरना पड़ा।
अब देखना होगा कि छात्र संगठन के इस विरोध प्रदर्शन के बाद जिम्मेदार अधिकारी क्या कदम उठाते हैं और सांदीपनि विद्यालय भवन निर्माण कार्य को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।



