जल सप्लाई चैंबर में गंदगी का अंबार, दूषित पेयजल पीने को मजबूर वार्डवासी
शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई, जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
सिलवानी। नगर परिषद सिलवानी की पेयजल वितरण व्यवस्था की लापरवाही का मामला सामने आया है। नगर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित शिवाजी नगर के मुख्य मार्ग पर नगर परिषद द्वारा संचालित जल वितरण चैंबर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है। चैंबर की बदहाल स्थिति के चलते पेयजल की शुद्धता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय रहवासियों को आशंका है कि चैंबर में जमा गंदगी के कारण पेयजल दूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित जल सप्लाई चैंबर की लंबे समय से समुचित सफाई नहीं की गई है। चैंबर में गंदगी जमा होने से पेयजल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसी पानी का उपयोग क्षेत्र के रहवासी पीने और घरेलू कार्यों के लिए कर रहे हैं। ऐसे में दूषित पानी के सेवन से उल्टी, दस्त, पेट संबंधी संक्रमण सहित अन्य जलजनित बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि जल वितरण चैंबर में फैली गंदगी और उससे उत्पन्न हो रही समस्या के संबंध में नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक चैंबर की सफाई कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। जिम्मेदारों की उदासीनता के चलते वार्डवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और लोग मजबूरी में इसी पानी का उपयोग कर रहे हैं।
बीमारियों का खतरा, जिम्मेदार कौन?
पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में इस प्रकार की लापरवाही सीधे तौर पर आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि समय रहते चैंबर की सफाई और पेयजल की गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और अन्य कमजोर वर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
वार्डवासियों ने नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं संबंधित जलप्रदाय शाखा के अधिकारियों से मांग की है कि जल सप्लाई चैंबर की तत्काल सफाई कराई जाए, पेयजल के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए नियमित सफाई एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मामले में नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और वार्डवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।



