मध्य प्रदेश

उमरपानी में मंदिर निर्माण की उठी मांग, विहिप-बजरंग दल ने ग्रामीणों के साथ लिया संकल्प

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत ग्राम उमरपानी में मंदिर निर्माण का मुद्दा सामने आया है । गांव में लगभग 200 घर हैं, जिनमें करीब 150 हिन्दू परिवार निवास करते हैं । इसके बावजूद गांव में आज तक किसी मंदिर का निर्माण नहीं हो पाया है । ग्रामीणों के अनुसार, गांव में अब तक भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित करने और मां दुर्गा की प्रतिमा विराजमान करने की परंपरा भी शुरू नहीं हो सकी है ।
गांव में मंदिर निर्माण की आवश्यकता को देखते हुए विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल जिला कटनी के पदाधिकारियों ने उमरपानी पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की । इस दौरान गांव में मंदिर निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई । पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मंदिर निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ।
इस अवसर पर जिला मंत्री राहुल मिश्रा, जिला सह संयोजक कान्हा सोनी, जिला धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख सौरभ मिश्रा, ढीमरखेड़ा प्रखंड अध्यक्ष प्रशांत राय, उपाध्यक्ष राकेश त्रिपाठी एवं रमेश चम्पुरिया तथा प्रखंड संयोजक गोलू जायसवाल उपस्थित रहे ।
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव में शीघ्र मंदिर निर्माण कराने का संकल्प लिया । विहिप-बजरंग दल के पदाधिकारियों ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि गांव में धार्मिक स्थल का निर्माण हो सके ।

Related Articles

Back to top button