मध्य प्रदेश

आलमपुर में अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ की कार्रवाई

ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार पर उठे सवाल, एसडीओपी ने जांच का दिया आश्वासन
ब्यूरो चीफ :भगवत सिंह लोधी
बटियागढ़ (दमोह)। बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम आलमपुर में कथित अवैध शराब बिक्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो करीब दो दिन पुराना है, जिसमें गांव में अवैध रूप से शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है।
पथरिया एसडीओपी अनुभाग के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई से जुड़े मामले लगातार चर्चा में बने हुए हैं। ऐसे में आलमपुर का वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक कब लगेगी?
लंबे समय से पदस्थ एसडीओपी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
पथरिया एसडीओपी अनुभाग में लंबे समय से पदस्थ अधिकारी की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप हैं कि अनुभाग के अंतर्गत आने वाले थानों के कामकाज में भी हस्तक्षेप रहता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
मध्यप्रदेश में जहरीली शराब से मौतों की घटनाओं के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री और सप्लाई पर नियंत्रण जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आ रहे ऐसे वीडियो की निष्पक्ष जांच कर बिक्री के साथ-साथ शराब की सप्लाई के स्रोतों का भी पता लगाया जाना चाहिए।
एसडीओपी ने जांच, थाना प्रभारी ने कार्रवाई की कही बात
मामले में पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेते हुए अवैध शराब के साथ ग्राम आलमपुर निवासी नन्ने विश्वकर्मा के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
अब देखना होगा कि पुलिस और आबकारी विभाग इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री एवं सप्लाई पर रोक लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button