तीन करोड़ की लागत से बनेगा तेंदूखेड़ा में शौर्य पार्क, राज्यमंत्री ने किया भूमिपूजन

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा नगर को जल्द ही एक नई पहचान मिलने जा रही है। नगर के समीप ग्राम पंचायत बम्होरी पाजी की सीमा में तीन करोड़ रुपये की लागत से शौर्य पार्क का निर्माण किया जाएगा। सोमवार को प्रदेश के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने विधि-विधान के साथ शौर्य पार्क का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजिता पटेल, पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन सहित भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सबसे पहले राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने शौर्य पार्क का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। पर्यटन विभाग के कार्यपालन यंत्री ने पार्क की रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग एक हेक्टेयर भूमि पर इसका निर्माण किया जाएगा। पार्क में प्रवेश द्वार, महापुरुषों की प्रतिमाएं, पर्यटकों के घूमने और बैठने के लिए अलग-अलग स्थान सहित अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अपने संबोधन में कहा कि शौर्य पार्क का निर्माण तीन करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यहां अनेक महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। साथ ही एक संग्रह कक्ष भी बनाया जाएगा, जिसमें महापुरुषों के जीवन और उनके योगदान की जानकारी उपलब्ध रहेगी। यह पार्क आने वाली युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और उनके अंदर देशभक्ति की भावना जागृत करेगा। उन्होंने कहा कि शौर्य पार्क को इस तरह विकसित किया जाएगा कि भविष्य में यह क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण धरोहर के रूप में जाना जाए। राजा शंकर शाह और उनके वंशज कुंवर शाह के वंशज भी उनकी विधानसभा में बड़ी संख्या में निवास करते हैं। ऐसे महापुरुषों के इतिहास और शौर्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा लगाने की मांग
पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शैतान सिंह पाल ने अपने संबोधन में पार्क में अनेक महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित किए जाने की सराहना की। उन्होंने मांग रखी कि पार्क में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा भी स्थापित की जाए। इस पर राज्यमंत्री ने अपनी सहमति जताई। इसके बाद पाल समाज के पदाधिकारियों ने मंच पर राज्यमंत्री का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया।
*तेंदूखेड़ा को मिलेगी नई पहचान*
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजिता पटेल ने कहा कि राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जिले में पर्यटन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा के स्रोत बनेंगे। तेंदूखेड़ा में बनने वाला शौर्य पार्क भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
भाजपा नेता सतेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि लगभग दो वर्ष पूर्व विधानसभा क्षेत्र में शौर्य पार्क निर्माण की बात राज्यमंत्री द्वारा कही गई थी और इसके लिए तेंदूखेड़ा का स्थान तय किया गया था। आज भूमिपूजन के साथ उस संकल्प को धरातल पर उतारने की शुरुआत हो गई है। पार्क के निर्माण से तेंदूखेड़ा को एक अलग पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश चंद जैन, सांसद प्रतिनिधि मूरत सिंह लोधी, मंडल अध्यक्ष संतकुमार पाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोविंद यादव, चेतन जैन, शुभम जैन, डॉ. परम लोधी, जनसंपर्क अधिकारी बाई के कुरैशी, तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर, थाना प्रभारी सरोज ठाकुर, नायब तहसीलदार चंद्रशेखर शिल्पी सहित ग्राम पंचायत बम्होरी के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



