मध्य प्रदेश

कंधा टकराने के मामूली विवाद पर खूनी संघर्ष युवक पर चाकू और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला

पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोचा
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
भोपाल। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में महज कंधा टकराने जैसी मामूली बात पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। सोमवार रात लहारपुर इलाके में हुए इस विवाद में बदमाशों ने धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कटारा हिल्स पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बागसेवनिया के अमराई परिसर निवासी शुभम महिरे (24) सोमवार, 23 नवंबर की रात करीब 9:15 से 10:30 बजे के बीच अपने दोस्तों करण आदिवाल (22) और अंशु के साथ लहारपुर स्थित अपने मामा संजय मोरे के घर आए थे। गली से बाहर निकलते समय शुभम का कंधा स्थानीय युवक आदित्य राव से टकरा गया। इसी बात को लेकर आदित्य ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
बीच-बचाव करने पर किया जानलेवा हमला
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शुभम और करण के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब करण आदिवाल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर हमला बोल दिया। आरोप है कि धनराज उर्फ धनुआ ने धारदार हथियार से करण के पेट में वार किया, जबकि नागेंद्र उर्फ नगुआ और नितिन राव ने ईंट-पत्थरों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में करण के पेट, सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल इलाज के लिए एम्स (AIIMS) भोपाल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चारों आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कटारा हिल्स पुलिस ने अपराध क्रमांक 373/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष रघुवंशी के नेतृत्व में गठित टीम ने दबिश देकर सभी चारों नामजद आरोपियों—नागेंद्र विश्वकर्मा उर्फ नगुआ (22), धनराज उर्फ धनुआ विश्वकर्मा (22), नितिन राव (21) और आदित्य राव (21), सभी निवासी सत्तर क्वार्टर, लहारपुर—को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Back to top button