भारतीय किसान संघ ने अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, उपार्जन व्यवस्था सुधार की मांग

सिलवानी। भारतीय किसान संघ, इकाई सिलवानी द्वारा उपार्जन संबंधी विभिन्न समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी हर्षल चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों ने वर्तमान खरीदी व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि गेहूं खरीदी 10 अप्रैल 2026 से शुरू हुई है, लेकिन अब तक केंद्रों पर मात्र 500 से 1500 क्विंटल तक ही तुलाई हो पाई है, जो कि किसानों की संख्या और उत्पादन के हिसाब से काफी कम है। किसानों ने कहा कि वर्तमान स्थिति में सुचारू खरीदी संभव नहीं है, इसलिए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार किया जाए।
किसानों ने स्लॉट बुकिंग (स्लाइड) की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि स्लॉट बुक नहीं हो रही है और बार-बार वेरिफिकेशन की मांग की जा रही है, जबकि गिरदावरी पटवारी द्वारा मौके पर की जा चुकी है। इसके बावजूद सैटेलाइट द्वारा भूमि असत्यापित बताई जा रही है, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वर्तमान में केवल 2 हेक्टेयर से कम भूमि वाले किसानों के स्लॉट बुक हो रहे हैं, जिससे बड़े किसानों को परेशानी हो रही है और खरीदी केंद्रों पर हम्मालों को भी पर्याप्त काम नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने बड़े खातों के लिए भी स्लॉट बुकिंग की व्यवस्था शुरू करने की मांग की है, ताकि केंद्रों पर कार्य सुचारू रूप से चलता रहे।
इसके अलावा किसानों ने चना एवं मसूर खरीदी केंद्र शीघ्र शुरू करने, खरीदी केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गेहूं खरीदी के नए केंद्र स्थापित करने की मांग भी रखी।
किसान संघ ने यह भी मांग की कि प्रत्येक सप्ताह वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा केंद्रों की मॉनिटरिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किस केंद्र पर कितनी तुलाई हुई है।
अंत में चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान संघ आंदोलन एवं धरना देने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



