मध्य प्रदेश

ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की पहचान है पारंपरिक मढ़ई मेला महोत्सव

सिलवानी। आदिवासी अंचल प्रतापगढ़ में ऐतिहासिक एवं पारंपरिक मढ़ई मेला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। मेले में क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता की अनूठी झलक देखने को मिली। इस अवसर पर पवित्र ढालों का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया तथा पंडा- पुजारियों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्र के लोकप्रिय नेता रामपाल सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने मढ़ई मेले में पहुंचे क्षेत्रवासियों एवं आत्मीयजनों से मुलाकात कर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि हमारी लोक-परंपराएं और त्योहार ही हमारी संस्कृति की असली पहचान हैं। ऐसे पारंपरिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में धार जिले के सरदारपुर के पूर्व विधायक वेल सिंह भूरिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीपक सिंह रघुवंशी, मंडल अध्यक्ष श्याम साहू , पप्पू ठाकुर, जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष राकेश उइके, मंडल अध्यक्ष अजय जाट, हरनाम लोधी एवं भाजपा नेता विभोर नायक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राहुल राय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन घनश्याम राठौर द्वारा किया गया। इस अवसर पर भाजपा परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, क्षेत्रवासी, आदिवासी समाज के गणमान्य सदस्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button