हार्वेस्टर को लेकर हुआ खूनी संघर्ष, तीन घायल रैफर

देवरी थाना क्षेत्र के बारखेड़ी गांव की घटना
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । थाना क्षेत्र के बारखेड़ी में शनिवार रात करीब 9.10 बजे थोड़े से विवाद ने भयानक रुप ले लिया और यह विवाद खूनी संघर्ष में परिवर्तित हो गया। जिसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार एवं एयर गन से हमला कर दिया। जिससे एक पक्ष के तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए जबलपुर भेजा गया। पुलिस से मिली जानकारी के सुनसार शनिवार रात को हार्वेस्टर को लेकर विवाद जो इतना बढ़ गया कि जमकर धारदार हथियार चले। जिसमें राहुल मेहरा, राजेश मेहरा, बलराम मेहरा पर नीतेश मेहरा, रामरूप मेहरा, मोनू मेहरा और ओमकार मेहरा ने तलवार एवं एयरगन से हमला कर दिया। जिसमें राहुल मेहरा, राजेश मेहरा, बलराम मेहरा घायल हो गए और राहुल मेहरा, राजेश मेहरा की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें आईसीयू में भी भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा कि विवाद हार्वेस्टर को लेकर हुआ है। जिसमें लोग एक दूसरे की जान लेने पर उतर गए और एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर तलवार, एयरगन से हमला कर बुरी – तरह से जख्मी कर दिया। इसके बाद परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे। लेकिन देवरी अस्पताल में कोई व्यवस्था न होने के कारण उन्हें नरसिंहपुर रैफर किया गया। नरसिंहपुर में डॉक्टरों ने घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया, जहां पर तीनों घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस ने फरियादी पक्ष की रिपोर्ट पर नीतेश मेहरा, रामरुप मेहरा, मोनू मेहरा और ओमकार मेहरा के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
इस संबंध मे जयदीप भदौरिया, थाना प्रभारी देवरी ने बताया कि बारखेड़ी गांव में हुए विवाद में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी की तलाश की जा रही है।
आरोपियों ने एयरगन कहां से खरीदी और इसकी अनुमति उन्हें किसने दी है, यह भी जांच की जाएगी।



