मनरेगा उपयंत्रियों समेत रोजगार सहायकों को 3 माह से वेतन नहीं, इंजीनियरों की हड़ताल जारी
रिपोर्टर : मनीष यादव
पलेरा। मनरेगा इंजीनियर पिछले दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी सामूहिक हड़ताल पर हैं। उन्हें पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिससे वे गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांगों में वेतन वृद्धि और अनुकंपा नियुक्ति शामिल हैं। इंजीनियरों ने बताया कि उनकी आठ सूत्रीय मांगें हैं, जिनमें वेतन वृद्धि और अनुकंपा नियुक्ति प्रमुख हैं। मनरेगा इंजीनियर कृष्ण बलराम दीक्षित और बीएन बुनकर के अनुसार, ये मांगें कई वर्षों से लंबित हैं और शासन द्वारा पूरी नहीं की जा रही हैं। जिसके कारण इंजीनियरों को हड़ताल पर जाना पड़ा है। इसके अलावा जनपद पंचायत कार्यालय में पदस्थ मनरेगा कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायतों में कार्यरत रोजगार सहायकों को भी पिछले तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। ऐसे में दीपावली पर्व को लेकर वेतन न मिलने के कारण इंजीनियरों समेत कार्यालय में पदस्थ मनरेगा कर्मचारी एवं रोजगार सहायकों के घरेलू और अन्य खर्चे बढ़ गए हैं। जिन्हें पूरा करना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।



