कलेक्टर ने गेहूॅ उपार्जन केन्द्रों का किया आकस्मिक निरीक्षण, किसानों से भी की चर्चा

उपार्जित गेहूॅ की गुणवत्ता, तुलाई सहित उपार्जन प्रक्रिया का लिया जायजा
रायसेन । जिले में बनाए गए विभिन्न उपार्जन केन्द्रों पर शासन के निर्देशानुसार गेहूॅ उपार्जन का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा स्वयं जिले में विभिन्न उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर उपार्जन कार्य और केन्द्रों पर किसानों की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। इसके साथ ही सभी एसडीएम द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में उपार्जन केन्द्रों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
बुधवार को कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा गेहूॅ उपार्जन केन्द्र देवनगर स्थित शिव वेयरहाउस बिसनखेड़ा, उपार्जन केन्द्र एक्सप्रेस वेयरहाउस गैरतपुर, पारसनाथ वेयरहाउस जमुनिया, आदर्श वेयरहाउस गैरतगंज, देवज्योति वेयरहाउस केसली, श्री हीरा वेयरहाउस तथा एचएस वेयरहाउस बाबई सहित अन्य उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन प्रक्रिया, उपज की तुलाई, गुणवत्ता आदि का जायजा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों और केन्द्र प्रभारी से अभी तक उपार्जित गेहूॅ की मात्रा की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि शासन की उपार्जन नीति के अनुरूप ही उपार्जन कार्य सम्पादित किया जाए। साथ ही उपज विक्रय हेतु आए किसानों के लिए छायादार बैठक व्यवस्था, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा ने उपज विक्रय हेतु आए किसानों से भी उपज विक्रय हेतु स्लॉट बुकिंग सुगमता से होने, उपार्जन प्रक्रिया में लगने वाला समय और केन्द्रों पर की गई व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की। निरीक्षण के दौरान सहकारिता, कृषि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



