मध्य प्रदेश

वीडियो बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों को भेजा जेल

नहाते समय बनाया था युवती का वीडियो
एक दिन पहले चक्काजाम करने के साथ जमकर हुआ था हंगामा
सरपंच सचिव ने दी अंत्येष्टि सहायता की नगद राशि

ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज । सीहोरा खुर्द में बीते दिनों एक युवती के साथ हुई छेड़छाड़ एवं नहाते समय का वीडियो बनाने के मामले की शिकायत करने एसपी ऑफिस रायसेन जा रहे युवती के माता पिता की सड़क दुर्घटना में मौत होने के बाद शनिवार की शाम को परिजनों ने गैरतगंज में चक्काजाम कर हंगामा किया था। इस मामले में रविवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
रविवार को ग्राम सिहोरा खुर्द में रामस्वरूप सेन एवं उनकी पत्नी संतोषी बाई सेन की मृत्यु पर मृतक के पुत्र सुरेंद्र सेन को सरपंच प्रतिनिधि मुकेश कुमार अहिरवार एवं सचिव रामभरोसे यादव ने ₹10000 की संबल योजना अंतर्गत अंत्येष्टि सहायता नगद प्रदान की । सचिव रामभरोसे यादव ने बताया कि मृतक के परिजन को संबल योजना अंतर्गत चार लाख की आर्थिक सहायता राशि का प्रकरण बनाकर वरिष्ठ कार्यालय प्रेषित किया गया है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पूर्व सीहोरा खुर्द गांव में रहने वाली एक युवती की अश्लील वीडियो बनाकर छेड़छाड़ की घटना घटित होने का मामला प्रकाश में आया था। परिजनों ने इसकी शिकायत गैरतगंज थाने में दर्ज कराई थी, परन्तु आरोपियों द्वारा लगातार परिजनों को धमकाया जा रहा था। इसके चलते रामस्वरूप सेन, उनकी पत्नी संतोषी बाई एवं बेटी बाइक पर सवार होकर रायसेन एसपी के पास शिकायत करने जा रहे थे। रायसेन पहुंचने से पहले ही अमरावत घाटी के पास शक्ति बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे दंपती की, दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटी गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के बाद गैरतगंज व सीहोरा में घटना को लेकर आक्रोश फैल गया। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए दंपती के शवों को भोपाल-सागर मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं कठोर सजा की मांग करने लगे। लगभग 4 घंटे तक चले चक्काजाम को अधिकारियों के आश्वासन के बाद खोला गया। दूसरे दिन पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी कमल उर्फ कल्लू एवं विक्रम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
थाना प्रभारी महेश टांडेकर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को जेल भेजा गया है। आरोपी के मोबाइल को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button