शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक निलंबित
खबर का असर
सिलवानी। सिलवानी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चौका में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक हीरालाल धुर्वे को गंभीर कदाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला शिक्षा अधिकारी, रायसेन द्वारा की गई।
ज्ञातव्य हो कि मृगांचल एक्सप्रेस द्वारा “शराब के नशे में स्कूल पहुंच रहा शिक्षक, छात्र छात्राएं परेशान” शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी।
13 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 10:30 बजे शिक्षक हीरालाल धुर्वे शराब के नशे में विद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और स्कूल परिसर में गंदगी भी की, जिससे विद्यालय का वातावरण प्रभावित हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी सिलवानी रूपेन्द्र ठाकुर द्वारा जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद विभाग ने इसे गंभीर कदाचार मानते हुए कार्रवाई की।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शिक्षक का यह कृत्य म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों के विरुद्ध है, जिससे विभाग की छवि भी धूमिल हुई है। इसी के चलते म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1986 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान हीरालाल धुर्वे का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सिलवानी कार्यालय निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

पूर्व में प्रकाशित खबर पढ़ने के लिए क्लिक कीजिए
शराब के नशे में स्कूल पहुंच रहा शिक्षक, छात्र छात्राएं परेशान



