क्राइम

ताश खेलने पर विवाद में चचेरे भाई ने कर दी भाई की हत्या

रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
देवरी । देवरी नगर से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम उतका पिपरिया में बीती रात करीब नौ से दस बजे के बीच ताश खेलने को लेकर दो सगे भाईयों अशोक दुबे और प्रदीप दुबे के बेटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बड़ा की प्रदीप दुबे के पुत्र सौरभ दुबे ने अपने ही चचेरे भाई सोनू दुबे पिता अशोक दुबे पर चाकू से प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी। थाना प्रभारी जयदीप भदौरिया ने बताया कि ग्राम उतका पिपरिया में माता मंदिर पर सोनू दुबे उम्र 35 वर्ष और सौरभ दुबे उम्र 25 वर्ष अपने कुछ साथियों के साथ ताश खेल रहे थे। ताश खेलते-खेलते दोनों भाईयों में कहा सुनी हो गई जो कुछ ही देर में गाली-गलौज में बदल गई। इसके बाद दोनों में अधिक विवाद की स्थिति देख दोनों के परिजनों बीच में आए और दोनों को समझा बुझाकर घर ले गए।
उक्त घटनाक्रम को महज आधा घंटा ही बीत पाया था और सोनू दुबे एंव सौरभ दुबे में फिर से झगड़ा होने लगा। लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ा कि सौरभ दुबे ने आपा खो दिया और अपने घर से धारदार चाकू लाकर सोनू दुबे पर ताबड़तोड़ लगभग सात वार किए। जिससे सोनू दुबे बुरी तरह जख्मी हो गया। सोनू के मुंह सहित नाक और पेट में चाकू से वार किया था। इस कारण खून अधिक बह रहा था। जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल घायल जख्मी सोनू दुबे को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सौरभ दुबे को रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
उक्त घटना के बाद ग्रामीणों से बातचीत में पता चला है कि मृतक सोनू दुबे की दो बेटी और एक बेटा है। जबकि उसका चचेरा भाई हत्या का आरोपी सौरभ दुबे की एक छोटी सी बेटी है। फिलहाल उसकी पत्नी गर्भवती है।
इस संबंध में थाना प्रभारी देवरी जयदीप भदौरिया ने बताया कि ग्राम कोटवार से इस घटना की जानकारी मिली और तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी सौरभ दुबे को गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके विरुद्ध हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया और पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Back to top button