व्यारमा नदी में नहा रहे युवक पर मगरमच्छ का हमला

लोगों ने बचाई जान पैर दबाकर पानी में खींचने लगा मगरमच्छ गंभीर घायल युवक जिला अस्पताल में भर्ती
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़। जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दिनारी में मंगलवार दोपहर व्यारमा नदी में नहा रहे एक युवक पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नदी में मौजूद अन्य लोगों की सतर्कता से युवक की जान बच सकी। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल युवक की पहचान 18 वर्षीय अभिषेक सिंह राजपूत के रूप में हुई है। युवक के भाई आशीष सिंह राजपूत ने बताया कि अभिषेक प्रतिदिन की तरह मंगलवार दोपहर व्यारमा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान पीछे से आए मगरमच्छ ने उसके पैर को दबोच लिया और पानी में खींचने का प्रयास करने लगा।
लोगों ने पत्थर मारकर मगरमच्छ को भगाया
नदी में नहा रहे अन्य लोगों ने युवक की चीख-पुकार सुनते ही साहस दिखाया और मगरमच्छ पर पत्थर फेंककर उसे भगाया। इसके बाद घायल युवक को पानी से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।
वन विभाग ने पहुंचकर दी सहायता
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग भी सक्रिय हुआ। वनमंडल अधिकारी (DFO) ईश्वर जरांडे, तेजगढ़ रेंजर नीरज पांडे एवं रेंजर विक्रम चौधरी के निर्देशन में वनकर्मी मयंक और अनवर जिला अस्पताल पहुंचे। वन विभाग द्वारा घायल युवक को तत्काल 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर बेहतर उपचार कराने की सलाह दी गई।
डॉक्टर बोले- पैर में गंभीर घाव
जिला अस्पताल में युवक का इलाज कर रहे डॉक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि युवक के दाहिने पैर में गंभीर घाव है। फिलहाल उसका उपचार जारी है और हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और वन विभाग से सतर्कता संबंधी बोर्ड लगाने की मांग की है।



