मध्य प्रदेश

गरीब पिता के निधन के बाद बड़वारा विधायक ने निभाई मानवता, अपने निजी खर्च से कराया कन्यादान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। विकासखंड ढीमरखेड़ा के ग्राम कछार गांव बड़ा में मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिली । गांव के गरीब मजदूर सुमंत कोल ने अपनी बेटी की सगाई बड़े अरमानों के साथ की थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सगाई के अगले ही दिन सुमंत कोल का आकस्मिक निधन हो गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और बेटी के विवाह की चिंता ने परिजनों को पूरी तरह परेशान कर दिया।
परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी । पिता के निधन के बाद बेटी के विवाह की सारी जिम्मेदारी अधर में लटक गई । गांव में इस दुखद घटना की जानकारी फैलते ही लोगों में शोक का माहौल बन गया। मामले की जानकारी भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी एवं ग्राम सरपंच कैलाश चंद्र जैन द्वारा बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह को दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत परिवार की मदद का निर्णय लिया । विधायक ने 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा अपने निजी खर्च और सहयोगियों की मदद से गरीब कन्या के विवाह की पूरी व्यवस्था करवाई। विधायक के प्रयासों से विवाह की आवश्यक सामग्री, आयोजन और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी कराई गईं, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली।
इस सामाजिक एवं मानवीय कार्य में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, सरपंच कैलाश चंद्र जैन, भाजपा जिला मंत्री डॉ. प्रशांत राय, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष शैलेश जैन एवं प्रवीण बर्मन सहित अन्य सहयोगियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई । सभी ने मिलकर बेटी का विवाह संपन्न कराया ।
ग्रामीणों का कहना है कि आज के समय में ऐसे उदाहरण बहुत कम देखने को मिलते हैं, जब कोई जनप्रतिनिधि व्यक्तिगत रूप से आगे आकर किसी गरीब परिवार की मदद करे । विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह की इस संवेदनशील पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है ।

Related Articles

Back to top button