मध्य प्रदेश

भगवान भरोसे चल रहा तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुबह 10 बजे तक लटके रहे ताले

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेंदूखेड़ा। नगर का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों अव्यवस्थाओं का शिकार बना हुआ है। स्वास्थ्य केंद्र सुबह 9 बजे खुलने का निर्धारित समय होने के बावजूद सुबह 10 बजे तक कई कमरों पर ताले लटके रहे, जिससे इलाज और जांच कराने पहुंचे मरीजों एवं महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि खून की जांच कराने पहुंची महिलाएं और अन्य मरीज लंबे समय तक इंतजार करते रहे, लेकिन पैथालॉजी लैब खाली पड़ी रही और कोई कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचा। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर की अनुपस्थिति से भी मरीज परेशान नजर आए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे चल रही है। पूर्व बीएमओ डॉ. आर.आर. बागरी के स्थानांतरण के बाद से स्वास्थ्य विभाग का सिस्टम कमजोर पड़ गया है और नए बीएमओ पर मनमानी के आरोप लग रहे हैं। लोगों का कहना है कि बीएमओ अक्सर मुख्यालय पर मौजूद नहीं रहते, जिससे व्यवस्थाएं लगातार बिगड़ती जा रही हैं।
नगरवासियों ने जनप्रतिनिधियों और नेताओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नेता और मंत्री केवल कार्यक्रमों एवं सभाओं में नजर आते हैं, लेकिन जनता की मूलभूत समस्याओं, खासकर स्वास्थ्य सेवाओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं कलेक्टर से मांग की है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नियमित निरीक्षण कराया जाए और समय पर डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कर स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर बनाई जाएं।

Related Articles

Back to top button