मध्य प्रदेश

आवारा मवेशी कर रहे फसल को नुकसान, जिम्मेदार नहीं दे ध्यान

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। समीपस्थ ग्राम पंचायत पचपेड़ी के ग्राम पकरिया में आवारा मवेशी फसलों को कर रहे नुकसान । स्थानीय किसान लक्ष्मीप्रसाद पिता परसराम लोधी ने ग्राम पंचायत पचपेड़ी, थाना उमरियापान, SDM, CEO ढीमरखेड़ा को शिकायत पत्र देते हुए आवारा पशु मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खेतों, सड़कों पर आवारा मवेशियों की बढ़ती धमाचौकड़ी से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भारी परेशानी का सबब बन गई है। चाहे दिन हो या रात, पकरिया से स्लीमनाबाद, ढीमरखेड़ा और सिहोरा मार्ग पर लगभग हर गांव में मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कलेक्टर के निर्देशों के बावजूद जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे। किसानों के खेतों में फसल को नुकसान कर रहे हैं। सड़कों पर बैठे मवेशी न केवल वाहनों की आवाजाही में बाधा बनते हैं, बल्कि कई बार दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। वाहन चालक भी अचानक सामने आ रहे मवेशियों से बचने के चक्कर में खुद भी घायल हो रहे हैं और मवेशी भी चोटिल हो रहे हैं। स्थिति यह है कि रात में सड़कों पर चलना जोखिम भरा हो गया है। मुख्य मार्गों पर मवेशी बैठे देखे जा सकते है ।
कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने हाल ही में हुई टीएल बैठक में इस मुद्दे पर नाराजगी जताई थी और सख्त निर्देश दिए थे कि मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पशु मालिकों पर कार्रवाई की जाए तथा मवेशियों को गौशालाओं या सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। लेकिन ग्राम पंचायत उमरियापान, ग्राम पंचायत पचपेड़ी के सरपंच सचिव इन आदेशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
जिम्मेदारों की अनदेखी का खामियाजा आम राहगीरों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button