कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश को जोड़ा है : कांग्रेस देश को जोड़ने की राजनीति करती है तो भाजपा तोड़ने की : बरैया
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। भाजपा ने देश और प्रदेश में हमेशा तोड़ने की राजनीति की है। वहीं कांग्रेस ने हमेशा देश को जोड़ा है। संविधान एवं लोकतंत्र की हत्या करके भाजपा द्वारा देश के विघटन की कोशिश की जा रही है। जो कि सरासर बिल्कुल गलत है। इनको बचाने के लिए ही कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। ताकि भारत देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की जा सके।
यह बात ब्लाक कांग्रेस कमेटी गैरतगंज द्वारा आयोजित संविधान, लोकतंत्र एवं देश बचाव अभियान के तहत आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलसिंह बरैया ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में हिन्दुओं एवं धर्म के नाम पर झूठी महज अफवाह फैलाकर राजनीति कर रही है। उन्होंने आंकड़ों के आधार पर दावा किया कि आगामी विधानसभा एवं लोकसभा चुनाव में भाजपा अपने कर्मों के चलते बुरी तरह हारेगी और जनहितैषी कांग्रेस फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि दावा झूठा साबित होने की स्थिति में अपना मुंह भोपाल राजभवन के सामने खुद काला कर लूंगा।
कार्यक्रम प्रभारी कांग्रेस नेता डा. जीसी गौतम ने कहा कि वर्षों से सांची क्षेत्र की जनता का शोषण होता चला आया है। अब वह समय नजदीक आ गया है कि कांग्रेस के हाथ में फिर से नेतृत्व सौंपा जाए । ताकि यहां का समग्र विकास हो तथा जनता के हितों के साथ न्याय हो।



