रामपुर स्कूल में पर्यावरण संरक्षण की पाठशाला, न्यायाधीश ने विद्यार्थियों संग लगाए 25 पौधे

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल ढीमरखेड़ा रामपुर में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया । मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के पालन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी पूर्वी तिवारी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया ।
शिविर में विद्यार्थियों को बढ़ते प्रदूषण, प्लास्टिक के अत्यधिक उपयोग से होने वाले नुकसान और जल संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई । उन्होंने बताया कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है । पानी की बर्बादी रोकने, प्लास्टिक का उपयोग सीमित करने और अधिक से अधिक पौधे लगाने जैसे छोटे-छोटे प्रयास प्रकृति संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं ।
*प्रश्नोत्तरी से परखी विद्यार्थियों की जागरूकता*
कार्यक्रम के दौरान वन्य सेतु के संचालक अक्षत शर्मा, सहायक संपादक सुप्राक्षी खरे एवं सदस्य आदित्य पाण्डेय ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े सवाल पूछकर विद्यार्थियों की जानकारी को परखा । प्रश्नोत्तरी के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और जागरूकता बढ़ाने का अवसर मिला । प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।
*पौधरोपण कर दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश*
शिविर के समापन पर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्रीमती पूर्वी तिवारी सहित वन्य सेतु की टीम ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया । इस अवसर पर कुल 25 पौधे लगाए गए । पौधरोपण के जरिए विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, हरियाली बढ़ाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया ।
कार्यक्रम में अशोक पाण्डेय, जय किशोर शुक्ला, नायब नाजिर शक्ति संजय सिंह, संतोष सिंह, शिवम उपाध्याय सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।



