फर्जी विकलांगता प्रमाण पत्र-तीन संतान मामले में शिक्षक की पुन: हुई शिकायत

माध्यमिक शाला परसेल का मामला
विभाग से भी छिपाई जानकारी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। कटनी जिले में जिस तरह की भर्राशाही शिक्षा विभाग में देखने को मिल रही है, शायद ही ऐसा किसी अन्य विभाग में हो। पूर्व में भी मय प्रमाण के साथ शिकायत करने के बावजूद भी संबंधित शिक्षक पर कार्यवाही नहीं होना विभाग के लचर रवैया को दर्शित करता है, जबकि शिक्षक कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शिक्षक नौकरी कर रहा है। शिकायतकर्ता के द्वारा इस संबंध में प्रमाण भी सौंपे गये है बावजूद इसके विभाग हाथ में हाथ रखे बैठा है।
स्मरण रहे कि ढीमरखेड़ा विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक/माध्यमिक शाला परसेल में पदस्थ शिक्षक श्यामसुंदर पटेल पिता राममिलन की 3 संतान है लेकिन शिक्षक श्यामसुंदर पटेल के द्वारा विभाग के साथ धोखाधड़ी करते हुये सही जानकारी नहीं देकर दो ही संतानों की जानकारी दी गई है, जबकि उसकी तीन संताने है। इस संबंध में शिकायतकर्ता रामजी पटैल के द्वारा पुन: कलेक्टर जनसुनवाई दिनांक 30.01.2024 में शिकायत की गई और उसके द्वारा बताया गया कि शिक्षक श्यामसुंदर पटेल की तीन संताने है जिसमें प्रथम संतान- कुमारी सृष्टि जिसका समग्र आईडी क्रमांक 102810851, द्वितीय संतान कुमारी वंशिका जिसका सम्रग आईडी क्रमांक 190558017 तथा तृतीय संतान-मंयक पटेल है जिसकी समग्र आई.डी क्रमांक 102811565 है ।
इस प्रकार कुल 3 संतानें शिक्षक की है। तत्संबंध में शिकायतकर्ता के द्वारा शिकायत के साथ समग्र आईडी की छायाप्रति भी प्रस्तुत की गई है। साथ ही म.प्र.सरकार के राजपत्र में प्रकाशित तीन संतानों के संबंध में जानकारी भी आवेदन पत्र के साथ संलग्र की गई है। जिसमें यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है यदि शासकीय कर्मचारी की 3 से अधिक संतानें होगी तो उसके विरूद्ध विभागीय कार्यवाही कर उसे सेवा से पृथक किया जावेगा।
2 की दी जानकारी, 1 की छुपाई
तीन संतान से अधिक कितने शिक्षक और शिक्षकाएं ढीमरखेड़ा विकासखंड में है इस संबंध में एक आरटीआई आवेदन पत्र बीईओ कार्यालय ढीमरखेड़ा के समक्ष प्रस्तुत किया गया था जिसमें संबंधित कार्यालय द्वारा जानकारी दी गई। प्रदान की गई जानकारी में माध्यमिक/प्राथमिक शाला परसेल में पदस्थ शिक्षक श्यामसुंदर पटेल के संबंध में यह लेख किया गया है कि उसके द्वारा दो संतान ही संतानों की जानकारी विभाग को दी गई है, एक संतान की जानकारी छिपाई गई है।
50 प्रतिशत विकलांगता का बनवा लिया प्रमाण पत्र
शिक्षक श्यामसुंदर पटेल की कारसतानी यही तक सीमित नहीं है बल्कि उसके द्वारा फर्जी विकलांगता प्रमाण पत्र 50 प्रतिशत का बनवाकर नौकरी प्राप्त की गई है। इस संबंध में भी शिकायतकर्ता के द्वारा जनसुनवाई में शिकायत की गई और मांग की गई है कि शिक्षक के द्वारा जो प्रमाण पत्र संलग्र किया गया है इस मामले में मेडिकल बोर्ड के समक्ष जांच करवाई जाये जिससे इस फर्जीवाड़े का खुलासा हो सके। शिकायतकर्ता के द्वारा इस मामले में प्रशासन से यह भी मांग की गई है कि संबंधित शिक्षक के द्वारा फर्जी विकलांग प्रमाण पत्र लगाकर आपराधिक कार्य किया गया है जिस कारण से उसके विरूद्ध भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विचारण चलाया जावे।



