स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा सामुदायिक भवन निर्माण टेकापार गढ़ी का भूमिपूजन किया
मप्र लघु वनोपज संघ अधोसंरचना विकास के तहत 7 लाख 55 हजार की राशि हुई मंजूर
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। विकास कार्यो के साथ सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य भी प्राथमिकता से किए जा रहे हैं।सांची विधानसभा क्षेत्र में चहुमुंखी विकास के लिए पहिया थमने नहीं दिया जाएगा। यह बात साँची विस क्षेत्र के वरिष्ठ बीजेपी विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने तहसील गैरतगंज के टेकापार गढ़ी में सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में बुधवार को दोपहर बाद कही। इस मौके पर डीएफओ अजय कुमार पांडेय, गढ़ी वनरेंजर रजनीश शुक्ला, अशोक ठाकुर, सोनू मीणा जनप्रतिनिधि ,अधिकारी कर्मचारी मौजूद हुए।
वन परिक्षेत्र गढ़ी के अंतर्गत ग्राम टेकापार गढ़ी में लघु वन उपज संघ अधोसंरचना विकास के अंतर्गत तेन्दूपत्ता मद से स्वीकृत किए गए 7 लाख 55 हजार रू की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा विकास कार्यो के साथ ही सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य भी प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। इस सामुदायिक भवन के बनकर तैयार हो जाने के बाद ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एव अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। सामुदायिक भवन निर्माण के लिए भूमि दान देने वाले ठाकुर का आभार भी व्यक्त किया गया।
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने सांची विस क्षेत्र में आमजनों को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा गैरतगंज में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1, 14 तथा 15 में 42.43 लाख रू की लागत से किए जाने वाले विभिन्न विकास और निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी द्वारा गैरतगंज में आयोजित कार्यक्रम में नगरीय क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 6, 13 तथ 7 में 22.18 लाख रू की लागत से किए गए सीसी रिन्यूवल कोट निर्माण कार्य, सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।



