5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती पकड़ी गई

तेजगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
तेजगढ़ । जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दमोह जिला के तेजगढ़ थाना अंतर्गत पुलिस चौकी इमलिया घाट क्षेत्र के ग्राम मुराडी, ग्राम पंचायत सुहेला में लगभग 5 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में की गई, जिसमें पुलिस की सजगता और सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ सूर्यवंशी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मुराडी में एक आदिवासी की निजी भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध अफीम के पौधे लगाए गए हैं। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सूर्यवंशी ने बिना समय गंवाए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में अफीम के हरे-भरे पौधे पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से जप्त किया गया। इस गंभीर मामले को देखते हुए अर्चना अहीर एसडीओपी तेंदूखेड़ा स्वयं मौके पर पहुंचीं और संपूर्ण घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई कर साक्ष्य संकलित किए तथा आगे की जांच प्रारंभ की।
इस अभियान में अरविंद सिंह लोधी थाना प्रभारी, तेजगढ़ सहित समस्त पुलिस स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। खेतों में लगे अफीम के पौधों को नियमानुसार उखाड़कर जप्त किया गया और संबंधित धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अवैध अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि समाज में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाला गंभीर कृत्य भी है। ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई करना आवश्यक है, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
चौकी प्रभारी अक्षयेंद्रनाथ सूर्यवंशी की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता इस पूरी कार्रवाई में प्रमुख रही। उनकी सक्रियता के कारण ही इतनी बड़ी मात्रा में अवैध अफीम की खेती का समय रहते खुलासा हो सका। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और इसे अपराध के विरुद्ध एक सशक्त कदम बताया है।
पुलिस अधीक्षक दमोह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि दमोह पुलिस अपराध और अवैध गतिविधियों के प्रति पूरी तरह सतर्क है तथा किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे और कौन-कौन लोग संलिप्त हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
दमोह पुलिस की यह कार्रवाई निश्चय ही समाज में सकारात्मक संदेश देने वाली है कि कानून के हाथ लंबे हैं और अवैध कार्यों में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



