मध्य प्रदेशहेल्थ

सिलवानी सिविल अस्पताल में वायरल फीवर के मरीजों की बढ़ती संख्या, ओपीडी में बढ़ा दबाव

सिलवानी। सिविल हॉस्पिटल की ओपीडी में इन दिनों वायरल फीवर के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मौसम में बदलाव के साथ ही बुखार, सर्दी-खांसी और शरीर दर्द की शिकायतों को लेकर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल का रुख कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार पिछले कुछ दिनों में ओपीडी में रोज़ाना 300 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें से 60 से 70 प्रतिशत मरीज वायरल फीवर से पीड़ित हैं।
हॉस्पिटल से मिली जानकारी अनुसार 1 सितंबर से 14 सितंबर तक ओपीड़ी 1465 मरीजों का उपचार किया गया।
खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों की संख्या अधिक देखी जा रही है। बीएमओ डॉ. आरएस पटेल का कहना है कि वायरल संक्रमण मौसमी है और ज़्यादातर मामलों में गंभीर स्थिति नहीं बनती, लेकिन समय पर इलाज न मिलने पर यह स्थिति बिगड़ सकती है। डॉक्टर आरएस पटेल ने लोगों को सलाह दी है कि वे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, ठंडा व बासी भोजन न करें और बगैर सलाह के दवाइयों का सेवन न करें।
स्वास्थ्य विभाग की अपील :
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि बुखार या अन्य लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। इसके साथ ही ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, आराम करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।

Related Articles

Back to top button