सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निराकरण करने के अधिकारियों को दिए निर्देश
टीएल मीटिंग में विभागों के समय सीमा वाले पत्रों की समीक्षा कर त्वरित कार्यवाही के दिए निर्देश
रायसेन। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर रायसेन उमाशंकर भार्गव द्वारा विभागों के समय सीमा वाले पत्रों तथा विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए लंबित पत्रों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश जिला अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए सभी जिला अधिकारियों को निराकरण कराने के निर्देश दिए। साथ ही 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का गंभीरता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर भार्गव ने सभी जिला अधिकारियों को स्थानांतरण के प्रकरणों को 23 जुलाई तक कलेक्टर कार्यालय को प्रेषित किए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सभी जिला अधिकारियों को उनके कार्यालय तथा अधीनस्थ कार्यालयों में पदस्थ शासकीय सेवकों की सेवा पुस्तिका संधारण पूर्ण करते हुए जानकारी जिला कोषालय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा तथा सभी सीएमओ को जर्जर स्थिति वाली इमारतों की जानकारी एकत्रित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कुएं तथा बाबड़ी के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश दिए।
जिले में पुल-पुलियों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को बोरोस पुल, हलाली डेम के पुल पर तथा तेंदोनी नदी के पुल पर रेलिंग लगवाने के निर्देश दिए। इनके अतिरिक्त भी जिन पुलों पर रैलिंग नहीं है, वहां शीघ्र रैलिंग लगवाने तथा उस पर रेडियम पेंट भी कराए जाने के निर्देश दिए गए। पुल-पुलियों, रपटों पर अधिक पानी होने पर उन्हें पार नहीं करने संबंधी सूचक बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में कलेक्टर भार्गव ने आगामी 25 जुलाई को आयोजित जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाली राज्य सेवा एवं राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2020 के लिए सभी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का आयोजन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारू रूप से सम्पन्न कराई जाए। परीक्षा आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारी उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता से निर्धारित अवधि में निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वह निर्धारित समय पर अपने-अपने केन्द्रों पर पहुंचे।
कलेक्टर भार्गव ने जिले में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन के निर्देशानुसार निर्धारित मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास, आरईएस, आदिम जाति कल्याण विभाग, कृषि, उद्यानिकी सहित अनेक विभागों की समीक्षा की गई।



