सिलौड़ी में आज लगेगा जन विश्वास शिविर, 12 पंचायतों के लोग रख सकेंगे समस्याए

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिले में 7 अगस्त से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 शुरू किया गया है । कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशन में अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों द्वारा मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया जा रहा है । शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है ।
*सिलौड़ी में होगा दूसरा शिविर*
अभियान के तहत दूसरा शिविर शुक्रवार 14 अगस्त को बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड ढीमरखेड़ा के सिलौड़ी क्लस्टर में पंचायत भवन सिलौड़ी में आयोजित किया जाएगा । शिविर में सिलौड़ी, नेगई, कचनारी, इटौली, गौरा, खमरियाबागरी, बरहटा, कछारगांवबड़ा, अतरसूमा, घाना, पाली एवं गुडा सहित 12 पंचायतों के नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष दर्ज करा सकेंगे ।
*लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर*
अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी अधिनियम से संबंधित लंबित प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए गए हैं । अधिकारियों को कहा गया है कि अधिकतम मामलों का समाधान शिविर से पहले ही सुनिश्चित किया जाए, जबकि शेष प्रकरणों का निराकरण शिविर स्थल पर किया जाए । जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनमें समय-सीमा तय कर आवेदकों को इसकी जानकारी दी जाएगी ।
*पात्र हितग्राहियों को मिले योजनाओं का लाभ*
कलेक्टर आशीष तिवारी ने सभी विभाग प्रमुखों को अभियान के दौरान पूरी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं । उन्होंने कहा है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।



