मध्य प्रदेश

अवंती बाई जयंती पर ढीमरखेड़ा में निकलेगी विशाल बाइक रैली

पिंडरई से शुरू होकर दशरमन और कछार गांव तक पहुंचेगी रैली, वीरांगना की प्रतिमाओं पर किया जाएगा माल्यार्पण
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । अमर शहीद वीरांगना महारानी अवंती बाई लोधी की जन्म जयंती के अवसर पर 16 अगस्त को ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में विशाल बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा । लोधी क्रांति सेना संगठन के नेतृत्व में होने वाली इस रैली को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं । आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं को लेकर ग्राम पंचायत पिंडरई में संगठन पदाधिकारियों और समाजजनों की बैठक आयोजित की गई ।
बैठक में रैली को भव्य एवं सफल बनाने के लिए मार्ग, समय, सहभागिता और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई । तय कार्यक्रम के अनुसार बाइक रैली की शुरुआत 16 अगस्त को सुबह 10 बजे ग्राम पिंडरई से होगी । रैली सुबह 11 बजे ढीमरखेड़ा पहुंचेगी । इसके बाद रैली देवरी, सनकुई, मुरवारी और गनियारी होते हुए अवंती बाई तिराहा दशरमन पहुंचेगी ।
दशरमन में वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी । इसके बाद बाइक रैली सोनारखेड़ा होते हुए कछार गांव बड़ा अवंती बाई तिराहा पहुंचेगी । यहां स्थित वीरांगना की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ रैली का समापन होगा ।
लोधी क्रांति सेना संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी इंद्र कुमार लोधी ने क्षेत्रवासियों एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में बाइक रैली में शामिल होने की अपील की है । उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य वीरांगना अवंती बाई लोधी के शौर्य, त्याग और बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश देना है ।

Related Articles

Back to top button