कृषिक्राइम

मंडी सचिव पर जानलेवा हमले के विरोध में मंडी कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई और कर्मचारियों की सुरक्षा की उठाई मांग
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। कृषि उपज मंडी के सचिव अनुराग रघुवंशी पर तलवार से किए गए हमले के मामले में मंडी कर्मचारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। घटना की कड़ी निंदा करते हुए मंडी कर्मचारियों ने एसडीएम एवं भारसाधक अधिकारी प्रियंका भलावी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि मंडी सचिव अनुराग रघुवंशी पर कार्यालयीन समय के दौरान मंडी प्रांगण में सौरभ शर्मा नामक व्यक्ति ने तलवार से हमला किया। हमले में सचिव को गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान मौजूद मंडी कर्मचारियों ने बीच -बचाव कर स्थिति को संभाला।
कर्मचारियों ने कहा कि दिनदहाड़े कार्यालय परिसर में मंडी के प्रमुख अधिकारी पर इस तरह का हमला होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। इस घटना के बाद मंडी के कर्मचारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब कार्यालय प्रमुख ही सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य कर्मचारी किस तरह निर्भय होकर अपने शासकीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
मंडी कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और मंडी परिसर में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो और कर्मचारी बिना भय के अपने शासकीय कार्यों का निर्वहन कर सकें।

Related Articles

Back to top button