मध्य प्रदेश

महानदी और बेलकुण्ड नदी में अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने विधायक ने लिखा पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । बड़वारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महानदी एवं बेलकुण्ड नदी में हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल रोक लगाने की मांग की है । उमरियापान मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक ने इस संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र प्रेषित किया है ।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि बड़वारा विधानसभा क्षेत्र की महानदी एवं बेलकुण्ड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इससे नदियों के प्राकृतिक स्वरूप एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचने के साथ ही शासन को राजस्व की हानि हो रही है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए। इसके लिए प्रभावित क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया जाए तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वाले दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित निगरानी व्यवस्था बनाए रखने और की गई कार्रवाई से अवगत कराने की मांग की गई है।
इस संबंध में विधायक ने पुलिस अधीक्षक एवं खनिज अधिकारी, जिला कटनी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र की प्रतिलिपि भेजी है। अब संबंधित विभागों की कार्रवाई पर नजर रहेगी, ताकि नदियों के संरक्षण के साथ अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button