मध्य प्रदेशराजनीति

किसानों की 6 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन, 3 दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

सिलवानी। शुक्रवार को किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले ब्लॉक अध्यक्ष रूपबसंत रघुवंशी के नेतृत्व में किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसीलदार सुधीर शुक्ला को 6 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। किसानों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि तीन दिन में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर धरना प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया जाएगा।
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि सिलवानी तहसील के विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों पर अघोषित बिजली कटौती की जा रही है जिससे मूंग की फसल सूखने लगी है। वहीं अटल ज्योति योजना के अंतर्गत गांवों में रात के समय दो-दो से तीन तीन घंटे बिजली बंद रहने से गर्मी में बच्चे एवं बुजुर्ग परेशान होकर बीमार हो रहे हैं।
किसानों ने गेहूं चना एवं मसूर तुलाई केंद्रों पर पर्याप्त बारदाने की व्यवस्था करने तथा जिन किसानों की स्लॉट तिथि निकल गई है या निकलने वाली है उनकी स्लॉट तिथि एक सप्ताह आगे बढ़ाने की मांग की। साथ ही जिन किसानों की स्लॉट अभी तक बुक नहीं हुई है, उनके लिए तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग रखी गई।
ज्ञापन में मूंग फसल की गिरदावरी तुरंत शुरू कराने एवं पटवारियों को मुख्यालय पर रहने के निर्देश देने की मांग भी शामिल रही। इसके अलावा सीमांकन के लंबित प्रकरणों का निराकरण 15 जून से पहले किए जाने तथा ग्राम रहमा गोरखा सलैया बटेर वर्धा साईंखेड़ा एवं सिमरिया कलां सहित विभिन्न गांवों में सरकारी मेड़ों पर बंद रास्तों को खुलवाने और जमा फीस वाले सीमांकन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की गई।
किसानों ने समितियों के माध्यम से डीएपी एवं यूरिया खाद नगद उपलब्ध कराने तथा मंडी में धर्मकांटा लगाए जाने की मांग भी उठाई ताकि किसानों को तुलाई में सुविधा मिल सके।
इस दौरान ब्लॉक मंत्री रामसेवक गौर ब्लॉक अध्यक्ष रूपबसंत रघुवंशी, मनमोहन रघुवंशी सतीश पुरी गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button