मध्य प्रदेश

पत्रकार के सवाल पर भड़के प्रभारी मंत्री, धक्का-मुक्की का आरोप, पत्रकारों में आक्रोश

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। दमोह जिले में शासन द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार से एक पत्रकार द्वारा सवाल पूछे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। आरोप है कि सवाल पूछने पर मंत्री नाराज हो गए और पत्रकार अरुण मिश्रा के साथ धक्का-मुक्की की गई, जिससे पत्रकार जगत में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार सर्किट हाउस दमोह में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार के साथ दमोह विधायक जयंत मलैया, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद राहुल सिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिले के अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान पत्रकार अरुण मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत को लेकर की गई अपील के संबंध में सवाल पूछा।
पत्रकार द्वारा मंत्री के काफिले में शामिल बड़ी संख्या में वाहनों को लेकर सवाल उठाया गया। आरोप है कि इस प्रश्न पर प्रभारी मंत्री भड़क गए और उन्होंने पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का दे दिया। घटना के बाद पत्रकार अरुण मिश्रा स्वयं को आहत बताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
पत्रकारों का कहना है कि यदि शासन की प्रेस वार्ता में पत्रकारों को बुलाया जाता है तो उन्हें जनहित से जुड़े सवाल पूछने का अधिकार होना चाहिए। यदि सवाल पूछने पर ही पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया जाएगा, तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का अपमान माना जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि कर्मचारियों का वेतन अधिकतम चार से पांच दिन ही विलंब हो सकता है। जबकि पत्रकारों का दावा है कि पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय निकाय सहित कई विभागों में कर्मचारियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है।
घटना के बाद जिले के कई पत्रकारों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि पत्रकारों को अपमानित करने के लिए ही प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी, तो भविष्य में ऐसी प्रेस वार्ताओं का बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही पत्रकारों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मामले में संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि इस मामले में शासन और प्रशासन क्या रुख अपनाता है तथा पत्रकारों द्वारा लगाए गए आरोपों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Back to top button