क्राइम

नकटी नदी में मिला लापता व्यक्ति का शव

शुक्रवार को घर से निकले 52 वर्षीय राकेश रैकवार का शनिवार शाम नदी में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
सिलवानी। थाना क्षेत्र के मुआर गांव निवासी 52 वर्षीय राकेश रैकवार का शव शनिवार शाम नकटी नदी में तैरता हुआ मिला। वह शुक्रवार को घर से नदी की ओर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों द्वारा तलाश किए जाने के बीच शनिवार शाम नदी में उनका शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, राकेश रैकवार शुक्रवार को नकटी नदी की ओर गए थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे। शनिवार शाम उनका शव नदी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर सिलवानी अस्पताल पहुंचाया।
रविवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, शव करीब दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। हालांकि, राकेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
मामले में सिलवानी थाने के सब इंस्पेक्टर अभिषेक खरे ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने मामले को विवेचना में लेकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

Related Articles

Back to top button