मध्य प्रदेश

बेगमगंज में नगरपालिका ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान

12 दुकानदारों पर हुई चालानी कार्रवाई
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगर में बढ़ते अतिक्रमण के विरुद्ध नगर पालिका परिषद प्रशासन द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान की मुहिम आज से युद्ध स्तर पर शुरू की गई है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में सफाई दरोगा दिनेश सपेरे, एआरआई साऊद खान सहित नपाकर्मियों के हमले द्वारा नया बस स्टैंड, महाराणा प्रताप रोड, शिवालय चौक एवं पुराना बस स्टैंड पर अतिक्रमण के विरुद्ध मुहिम में 12 दुकानदारों पर सड़क तक अपनी-अपनी दुकानों का सामान फैलाकर अतिक्रमण करके मार्ग अवरुद्ध करने के विरुद्ध में चालानी कार्रवाई की है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि नगर में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं दुकानदारों द्वारा अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने 10 से 15 और 20 फीट आगे तक सामान फैलाकर अतिक्रमण करके मार्ग अवरोध किया जा रहा है। जिससे कि आगमन में लोगों को परेशानी हो रही है।
वहीं आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं ।
बढ़ते अतिक्रमण के विरुद्ध नगर पालिका परिषद द्वारा आज से अतिक्रमण हटाओ मुहिम शुरू की गई है। जो निरंतर प्रतिदिन जारी रहेगी।
आज स्पॉट फाइन करते हुए नया बस स्टैंड पर एक, महाराणा प्रताप रोड पर दो, शिवालय चौक पर दो एवं अन्य जगह सहित 12 दुकानदारों के खिलाफ 100 -100 रुपए का जुर्माना लगाकर चालानी कार्रवाई की गई है ।
साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए बताया कि अब भविष्य में उनके द्वारा अतिक्रमण किया गया तो दुकान की सामग्री भी जब्त करने के साथ तगड़ा जुर्माना लगाया जाएगा।
नगर पालिका परिषद की इस कार्रवाई से नगर के अतिक्रमणकारी दुकानदारों में हड़कंप मच गया है ।
दुकानदारों पर जुर्माने की कार्रवाई होते देखकर आगे – पीछे के दुकानदारों ने अपना – अपना सामान समेट कर दुकान के अंदर रखना शुरू कर दिया था. जिससे अफरातफरी का माहौल रहा ।
वही नागरिकों द्वारा नगर पालिका परिषद की इस मुहिम का स्वागत करते हुए प्रशासन की मुक्तकंठ से प्रशंसा की जा रही है ।
नागरिकों की मांग है कि नगर के मुख्य मार्गो सागर भोपाल रोड, महाराणा प्रताप रोड, नगर पालिका के पीछे शाहपुर हदाईपुर रोड, नया बस स्टैंड , बिजली घर के सामने , अस्पताल मार्केट के सामने , पुराना बस स्टैंड सहित अन्य स्थान पर पर भी दुकानों एवं गलियारों में दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को सख्ती से हटकर व्यवस्था को सुचारू करें ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या ना हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button